बद्दी 6 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा
औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं।
मिली जानकारी के मुताबिक सिक्का होटल चौक के समीप तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य लोग भी हादसे का शिकार हुए।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता राजेश कुमार अपने पुत्र विनायक उर्फ नमन तथा नैतिक के साथ मोटरसाइकिल पर हरिपुर बाबा से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे सिक्का होटल चौक के पास पहुंचे, पीछे से आए ट्रक ने कथित रूप से तेज रफ्तार और लापरवाही से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे।
हादसे में मासूम विनायक उर्फ नमन के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों की याद दिलाता है। एक छोटी-सी असावधानी ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और उसके परिवार को ऐसा दर्द दे दिया जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।










