कमर दर्द के मरीजों को दी निःशुल्क सेवाएं।
चंडीगढ़, 5 जुलाई
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (PGIMER), चंडीगढ़ ने दीर्घकालिक कमर दर्द (क्रॉनिक लो बैक पेन) से पीड़ित मरीजों के लिए नया शिव मंदिर, नया गांव में सातवें सामुदायिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शिविर का नेतृत्व पीजीआईएमईआर की पेन क्लिनिक की प्रभारी प्रो. बबीता घई ने अपनी बहु-विषयक टीम के साथ किया।

यह शिविर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के सहयोग से संचालित परियोजना के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में दीर्घकालिक दर्द से पीड़ित मरीजों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इससे पहले ऐसे शिविर कांसल, खरड़, सेक्टर-25, इंदिरा कॉलोनी और रटवाड़ा साहिब में आयोजित किए जा चुके हैं।

शिविर में मरीजों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयां, रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की जांच तथा बोन मिनरल डेंसिटी (हड्डियों की घनत्व) परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही, दीर्घकालिक कमर दर्द के उपचार में योग की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
परियोजना के तहत मरीजों को शिविर के बाद 15 दिनों तक निःशुल्क सामुदायिक योग कक्षाओं का लाभ भी दिया जाएगा, ताकि वे बिना अस्पताल आए वैज्ञानिक और गैर-दवा आधारित उपचार का लाभ उठा सकें।

पीजीआईएमईआर की इस पहल में मनोवैज्ञानिक, फिजियोथेरेपिस्ट, शोध अधिकारी और अन्य स्वास्थ्यकर्मी सीधे समुदायों में जाकर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। प्रत्येक शिविर में लगभग 100 से 120 मरीज लाभान्वित हो रहे हैं, जो इस तरह की स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती आवश्यकता को दर्शाता है।
इस स्वास्थ्य शिविर की सफलता में ‘संकल्प’ संस्था और स्थानीय स्वयंसेवकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।










