/पत्नी और उसके दोस्त ने मिलकर पति को उतारा मौत के घाट।

पत्नी और उसके दोस्त ने मिलकर पति को उतारा मौत के घाट।

धर्मपुर ब्लाइंड मर्डर का 4 घंटे में खुलासा।

सोलन, 6 जुलाई ,
हिम नयन न्यूज़ / ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल के जिला सोलन के धर्मपुर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर मामले का पुलिस ने महज चार घंटे में खुलासा करते हुए मृतक की नेपाली मूल की पत्नी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार 5 जुलाई को जोहड़ पटियाला के नीचे कच्ची सड़क के पास झाड़ियों में 40 वर्षीय रूप लाल का खून से लथपथ शव बरामद हुआ था।

मृतक मूल रूप से नेपालगंज (नेपाल) का निवासी था और वर्तमान में धर्मपुर के जोहड़ पटियाला में रह रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी चन्द्रा चलाउने (26) और चक्रा बहादूर कामी (35) को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने आपसी षड्यंत्र के तहत रूप लाल की हत्या की।

पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना चाकू सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। वैज्ञानिक जांच, फॉरेंसिक साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने बिना किसी प्रत्यक्षदर्शी के महज चार घंटे में इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझा ली।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और पूछताछ के दौरान अन्य महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है।