/पीजीआईएमईआर के त्वचा रोग विशेषज्ञ को मिला प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान

पीजीआईएमईआर के त्वचा रोग विशेषज्ञ को मिला प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान

चंडीगढ़, 7 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

डॉ. विनय केशव मूर्ति, अतिरिक्त प्रोफेसर, त्वचा रोग, यौन रोग एवं कुष्ठ रोग विभाग, पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ को इंटरनेशनल लीग ऑफ डर्मेटोलॉजिकल सोसायटीज़ (ILDS) के प्रतिष्ठित यंग डर्मेटोलॉजिस्ट इंटरनेशनल अचीवमेंट (YDIA) अवॉर्ड 2027 के लिए चुना गया है।

यह सम्मान जून 2027 में मेक्सिको के ग्वाडलाहारा में आयोजित होने वाली 26वें विश्व त्वचा रोग कांग्रेस के दौरान प्रदान किया जाएगा।

YDIA अवॉर्ड त्वचा रोग विज्ञान के क्षेत्र में उभरते हुए विशेषज्ञों को दिया जाने वाला विश्व के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक है। यह सम्मान अनुसंधान, शिक्षा, नेतृत्व, रोगी देखभाल और अंतरराष्ट्रीय सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।

डॉ. मूर्ति का नामांकन पिगमेंटरी डिसऑर्डर्स सोसायटी और इंडियन एसोसिएशन ऑफ डर्मेटोलॉजिस्ट्स, वेनेरियोलॉजिस्ट्स एंड लेप्रोलॉजिस्ट्स (IADVL) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था। वर्ष 2007 में इस पुरस्कार की शुरुआत के बाद इसे प्राप्त करने वाले वह केवल दूसरे भारतीय त्वचा रोग विशेषज्ञ बने हैं।

डॉ. मूर्ति पिगमेंटरी डिसऑर्डर्स, डर्मोस्कोपी, डर्मेटोलॉजिक सर्जरी और त्वचा रोग शिक्षा के क्षेत्र में अपने महत्वपूर्ण शोध एवं योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखते हैं।

इससे पहले वर्ष 2025 में भी उन्हें यूरोपियन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी एंड वेनेरियोलॉजी (EADV) का बेस्ट रिसर्चर अवॉर्ड प्राप्त हुआ था, जो यूरोप के सबसे बड़े त्वचा रोग संगठन द्वारा दिया जाने वाला प्रतिष्ठित अकादमिक सम्मान है।

यह उपलब्धि पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ के त्वचा रोग विभाग की शैक्षणिक उत्कृष्टता को भी दर्शाती है। विभाग लगातार तीन वर्षों से एशिया का शीर्ष त्वचा रोग विभाग रहा है और विश्व के शीर्ष 20 त्वचा रोग संस्थानों में अपनी जगह बनाए हुए है।