/सरकार का आभार, लंबित वित्तीय लाभों के शीघ्र भुगतान की उठाई मांग: पेंशनर्स महासंघ

सरकार का आभार, लंबित वित्तीय लाभों के शीघ्र भुगतान की उठाई मांग: पेंशनर्स महासंघ

सोलन(जय नगर), 7 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, सोलन इकाई जयनगर की मासिक बैठक मंगलवार को प्रधान सोहन लाल ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संयुक्त संघर्ष समिति हिमाचल प्रदेश के वाइस उपाध्यक्ष बृज लाल ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक में सरकार द्वारा चिकित्सा प्रतिपूर्ति (मेडिकल बिलों) के भुगतान के लिए 103 करोड़ रुपये स्वीकृत करने तथा 65 से 70 वर्ष आयु वर्ग के पेंशनर्स को संशोधित वेतनमान एवं अन्य वित्तीय लाभों के भुगतान के आदेश जारी करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया गया।

साथ ही मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया कि 1 जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों के संशोधित वित्तीय लाभों का भुगतान भी शीघ्र किया जाए।

महासंघ ने 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) तथा डीए एरियर का भुगतान करने की मांग भी दोहराई।

बैठक में संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा सरकार को सौंपे गए 14 सूत्रीय मांगपत्र को 31 जुलाई 2026 तक लागू करने का अनुरोध किया गया। महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो पेंशनर्स को पुनः आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश होना पड़ेगा।

बैठक के दौरान शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त सीएचटी चैत राम कौंडल तथा स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त देश राज महाजन ने भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की सदस्यता ग्रहण की।

बैठक में कुल 18 सदस्य उपस्थित रहे।