स्कूली विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से कराया जागरूक,
नालागढ़, 7 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

पुलिस जिला बद्दी के पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नालागढ़ में आयोजित “ड्रग एब्यूज अवेयरनेस कैंपेन – ड्रग फ्री हिमाचल” कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और उससे बचाव के प्रति जागरूक किया।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा और समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, अपने मित्रों एवं परिवार के लोगों को भी जागरूक करने तथा “ड्रग फ्री हिमाचल” अभियान को जन-आंदोलन बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में नशा तस्करी या नशे से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही कानून का पालन करने, जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी भूमिका निभाने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के प्रति जागरूक कर समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को मजबूत करना रहा।









