/रामशहर पंचायत ने किन्विन प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ पारित किया प्रस्ताव।

रामशहर पंचायत ने किन्विन प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ पारित किया प्रस्ताव।

प्रदूषण व जनस्वास्थ्य पर जताई गंभीर चिंता।

नालागढ़, 9 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा।

सोलन जिले की ग्राम पंचायत रामशहर की पंचायत बैठक में क्षेत्र की औद्योगिक इकाई एम/एस किन्विन प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। यह बैठक पंचायत प्रधान रविंद्र मोहन की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें सभी 11 सदस्य उपस्थित रहे।

मिली जानकारी के मुताबिक बैठक में कोरम पूर्ण होने के बाद प्रस्ताव पर चर्चा कर निर्णय लिया गया।

पंचायत द्वारा पारित प्रस्ताव में कहा गया है कि कंपनी के संचालन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने वायु, धूल, दुर्गंध और ध्वनि प्रदूषण सहित विभिन्न पर्यावरणीय समस्याओं तथा इनके जनस्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रभावों को लेकर लगातार शिकायतें दर्ज कराई हैं।

पंचायत द्वारा पारित प्रस्ताव मे उल्लेख किया गया है कि ग्रामीणों के अनुसार कंपनी के पास ग्राम पंचायत से जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) उपलब्ध नहीं है तथा पर्यावरणीय मानकों के पालन को लेकर भी प्रश्न उठाए गए हैं।

पंचायत ने कहा कि प्रदूषण के कारण ग्रामीणों के दैनिक जीवन और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बैठक में मांग की गई कि संबंधित विभाग मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करें तथा यदि कंपनी द्वारा प्रदूषण फैलाया जा रहा है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


पंचायत ने सर्वसम्मति से पारित इस प्रस्ताव की प्रति आगामी आवश्यक कार्रवाई हेतु उपमंडलाधिकारी (नालागढ़) को प्रेषित करने का निर्णय लिया।