दत्तोवाल में हिम परिवेश संस्था व किनविन संघर्ष समिति की बैठक में लिए अहम फैसले
नालागढ़, 16 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
हिम परिवेश संस्था व किनविन संघर्ष समिति की पूर्व निर्धारित बैठक गत रविवार को संस्था के कानूनी सलाहकार नरेश घई की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

देरी से मिली जानकारी के मुताबिक बैठक में किनविन उद्योग से जुड़े न्यायालय के निर्णय पर विस्तार से चर्चा की गई। नरेश घई ने न्यायालय के आदेश का सरल भाषा में ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए उपस्थित लोगों को इसके विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी तथा आगामी समय में आम जनता की भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में भी अवगत करवाया।

बैठक में संस्था के पदाधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में किनविन उद्योग से कथित रूप से फैल रहे वायु एवं जल प्रदूषण को लेकर चिंता व्यक्त की।
ग्राम पंचायत रडीयाली के उपप्रधान मनीष चौधरी, ग्राम पंचायत राजपुरा के प्रधान रामनाथ व उपप्रधान ओम प्रकाश, ग्राम पंचायत किरपालपुर की वार्ड पंच रेशमा, ग्राम पंचायत रडीयाली की वार्ड पंच नीलम तथा वार्ड पंच ममता सहित उपस्थित लोगों की सहमति से विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए।

उद्योग को वर्तमान स्थान से स्थानांतरित करने की मांग
बैठक में पारित पहले प्रस्ताव में कहा गया कि किनविन उद्योग पिछले एक वर्ष से अधिक समय से क्षेत्र में वायु एवं जल प्रदूषण फैला रहा है।

स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार प्रदर्शन, धरने और संबंधित अधिकारियों को मांगपत्र सौंपे जाने के बावजूद प्रदूषण की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। बैठक में उपस्थित समुदाय ने एकमत होकर मांग की कि आम जनता को प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए उद्योग को वर्तमान स्थान से अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।
गांव और वार्ड स्तर पर कमेटियां गठित कर आंदोलन तेज करने का फैसला
दूसरे प्रस्ताव में लोगों को प्रदूषण के प्रति जागरूक करने तथा आंदोलन को और प्रभावी बनाने के लिए गांव एवं वार्ड स्तर पर कमेटियों के गठन का निर्णय लिया गया।
इसी क्रम में दत्तोवाल गांव के लिए 12 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। कमेटी के संयोजक ग्राम पंचायत रडीयाली के उपप्रधान मनीष चौधरी और चमन लाल शर्मा को बनाया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बैठकें आयोजित कर लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा तथा आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

संघर्ष समिति के अनुसार अगली बैठक शनिवार, 22 अगस्त को शाम 5 बजे गांव राजपुरा में तथा रविवार, 23 अगस्त को शाम 5 बजे गांव ढाना में आयोजित की जाएगी।
बैठक में जिला परिषद सदस्य इंदु ठाकुर, महासचिव बाल कृष्ण, सचिव हरदीप सिंह, खजांची गुरदयाल सिंह, सक्रिय सदस्य यशपाल रनोट, रणजोध सिंह, सतविंदर सिंह, हरदीप सिंह हैप्पी, चमन लाल शर्मा, हरबंस लाल सैनी, चंद्रमणि धीमान, मोहन सिंह चंदेल, बलदेव सिंह, देव राज चंदेल, अनोख सिंह, रेशमा कोशिक, नीलम, ममता रानी, संतोख सिंह और राजिंदर राणा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










