/लम्बित विवादों के समाधान के लिए ‘मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0’ अभियान शुरू

लम्बित विवादों के समाधान के लिए ‘मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0’ अभियान शुरू

सोलन, 21 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

जिला सोलन में लंबे समय से लंबित विवादों के शीघ्र समाधान के उद्देश्य से ‘मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0’ अभियान शुरू किया गया है। यह जानकारी अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रशांत सिंह नेगी ने दी।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति के तहत यह अभियान जिला न्यायालय तथा तालुका न्यायालयों में चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान ऐसे मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है, जिनमें पक्षकार आपसी सहमति से विवाद का समाधान कर सकते हैं।

अभियान के तहत विवाह एवं पारिवारिक विवाद, मोटर वाहन चालान, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, सेवा मामले, समझौता योग्य आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद तथा ऋण वसूली से जुड़े मामलों को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त विभाजन एवं बेदखली के मुकदमे, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य उपयुक्त दीवानी मामलों का समाधान भी मध्यस्थता के माध्यम से करवाने का प्रयास किया जाएगा।

प्रशांत सिंह नेगी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को विवादों के वैकल्पिक समाधान के लिए प्रेरित करना और लंबे समय से लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करना है।

मध्यस्थता के दौरान दोनों पक्ष एक प्रशिक्षित मध्यस्थ की सहायता से आपसी सहमति के आधार पर विवाद का समाधान करते हैं। यह प्रक्रिया गोपनीय, लचीली और अपेक्षाकृत कम खर्चीली होती है।

उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने लंबित विवादों के शीघ्र समाधान के लिए ‘मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0’ अभियान का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोलन के कार्यालय के दूरभाष नंबर 01792-220713 अथवा टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।