नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को सौंपे दायित्व, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प
शिमला, 2 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
हिमाचल के जिला शिमला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण की नवनियुक्त कार्यकारिणी की पहली महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में अध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद हुई इस पहली बैठक में संगठन को मजबूत करने, कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विभिन्न विंगों के पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
विचार प्रहरी के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कांग्रेस की विचारधारा के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। वहीं सहकार सारथी विंग को सहकारिता क्षेत्र से जुड़े स्वयं सहायता समूहों, दुग्ध समितियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई।
इसके अलावा प्रचार प्रमुख को राज्य सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का दायित्व सौंपा गया।
प्रवक्ता एवं मीडिया पैनलिस्ट को मीडिया मंचों पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने तथा केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों और कथित कुशासन को लेकर पार्टी का पक्ष जनता के सामने रखने की जिम्मेदारी दी गई।
बैठक में मिशन-2027 को लेकर भी रणनीति तैयार की गई। पदाधिकारियों ने आगामी विधानसभा चुनावों में ‘मिशन रिपीट’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तत्काल प्रभाव से संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने पर सहमति जताई।
जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद बढ़ाने तथा सरकार, नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और कांग्रेस की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने को लेकर पदाधिकारियों ने अपने सुझाव भी साझा किए।
इस अवसर पर पवन ठाकुर, प्रताप चौहान, पवन हिमटा, महेंद्र कुमार, राजीव वर्मा, मोहिंदर वर्मा, विजय मेहता, रामेश्वर, ललित शर्मा, पवन शर्मा, अनूप ठाकुर, नगरू राम, सुरेंद्र वर्मा, रीना कुमारी, गीता शर्मा, टी.आर. शर्मा, रोशन ठाकुर, दिनेश मेहता और रवि मेहता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए अपने विचार और सुझाव रखे।










