शिमला (चौपाल) 14 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
सिरमौर जिले के चूड़धार यात्रा से लौट रहे चार श्रद्धालु रविवार रात घने जंगल में रास्ता भटक गए जिन्हें शिमला पुलिस ने रातभर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार 13 सितंबर 2026 की रात 112 शिमला कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि चूड़धार से वापस लौट रहे कुछ श्रद्धालु जंगल में रास्ता भटक गए हैं और उन्हें अपनी लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना चौपाल की टीम ने बिना समय गंवाए दुर्गम एवं घने जंगल वाले क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
अंधेरे और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पुलिस जवानों ने लगातार तलाश जारी रखी। कड़ी मशक्कत के बाद आधी रात को दो युवकों को पताल खड्ड की ओर जंगल से सकुशल रेस्क्यू किया गया।

इसी दौरान दो अन्य श्रद्धालुओं, एक दंपति, के भी रास्ता भटकने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने अभियान जारी रखते हुए चूड़धार क्षेत्र में उनकी तलाश की और दोनों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर ठहराया गया।
पुलिस टीम की तत्परता और साहस से रात के अंधेरे में दुर्गम जंगल में फंसे चार लोगों को सुरक्षित बचाया जा सका। शिमला पुलिस के जवानों ने इस रेस्क्यू अभियान के दौरान साहस, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।








