/मुख्यमंत्री ‘अपना परिवार-सुखी परिवार’ योजना के तहत साईं में जनसंवाद

मुख्यमंत्री ‘अपना परिवार-सुखी परिवार’ योजना के तहत साईं में जनसंवाद

नालागढ़ (साईं), 15 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को साईं में मुख्यमंत्री ‘अपना परिवार-सुखी परिवार’ योजना के तहत जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत साईं, सोड़ी, घरेड़ तथा बवासनी के लोगों ने भाग लिया। इस दौरान बीपीएल सूची में पात्र परिवारों के चयन की अंतिम चरण की प्रक्रिया के संबंध में लोगों को जानकारी दी गई।

विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि निर्धारित पात्रता एवं मापदंड पूरा करने वाले परिवार बीपीएल चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने पात्र परिवारों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ 20 सितंबर, 2026 से पहले संबंधित ग्राम पंचायत सचिव, खंड विकास अधिकारी कार्यालय अथवा उपमंडलाधिकारी कार्यालय में आवेदन जमा करवाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा, जिनमें पेंशन, 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली सहित अन्य कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं। योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना तथा किसी भी पात्र परिवार को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने देना है।

विधायक ने कहा कि साईं क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। बद्दी से साईं सड़क का निर्माण लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से करवाया गया है, जबकि क्षेत्र में पेयजल सुविधा के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की बड़ी पेयजल योजना उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि साईं क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार के माध्यम से आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साईं तथा पशु औषधालय साईं को अपग्रेड करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। पेयजल समस्या वाले स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर दो हैंडपंप स्थापित करवाने की बात भी उन्होंने कही।

राम कुमार चौधरी ने बताया कि ग्राम पंचायत साईं के विकासात्मक कार्यों के लिए 34 लाख 55 हजार रुपये, ग्राम पंचायत सोड़ी के लिए 29 लाख 50 हजार रुपये तथा ग्राम पंचायत नालका के लिए 26 लाख 95 हजार रुपये की राशि स्वीकृत करवाई गई है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से इन राशियों का उपयोग क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों में करने का आग्रह किया, ताकि लोगों को जल्द लाभ मिल सके।

इस अवसर पर विधायक ने स्थानीय लोगों की विभिन्न समस्याएं भी सुनीं और कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर आयोजित किए जा रहे जनसंवाद कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में दून ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलतार सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष भागचंद, ब्लॉक समिति पट्टा के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश ठाकुर, ग्राम पंचायत साईं की प्रधान सुमन लता, उपप्रधान हरजीत, ग्राम पंचायत नालका के पूर्व प्रधान प्रेमचंद, मस्तराम, ग्राम पंचायत घरेड़ के उपप्रधान जसविंदर सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि तथा विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।