/रामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1,488 बोतल अवैध शराब व बीयर बरामद

रामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1,488 बोतल अवैध शराब व बीयर बरामद


दो आरोपी गिरफ्तार, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज


रामपुर, 17 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।

शिमला जिले के थाना रामपुर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों के कब्जे से भारी मात्रा में शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, थाना रामपुर क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग के दौरान उमरी मोड़ पर दो व्यक्तियों दीपक भारद्वाज (29 वर्ष), निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला तथा सुखा नंद, निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला के कब्जे से शराब और बीयर बरामद की गई।

पुलिस ने कुल लगभग 1,488 बोतलें बरामद की हैं। इनमें 1,140 बोतलें ऊना नंबर-01, 108 बोतलें थंडर बोल्ट बीयर, 96 बोतलें ओल्ड मोंक, 60 बोतलें ICONIQ White तथा 84 बोतलें Royal Stag शामिल हैं।

बरामद शराब एवं बीयर को पुलिस ने नियमानुसार कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में थाना रामपुर में FIR संख्या 103/2026, दिनांक 17 सितंबर 2026, धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।