डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, पति से अनबन के बाद मायके आई थी महिला।
सोलन, 25 सितंबर।
हिम नयन न्यूज़ / ब्यूरो / वर्मा
सोलन के आंजी सेरी क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 29 वर्षीय विवाहिता और उसकी छह माह की मासूम बेटी मृत अवस्था में मिलीं।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों तथा परिस्थितियों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को आंजी सेरी निवासी हरिंदर बिष्ट ने पुलिस चौकी सपरून को दूरभाष के माध्यम से सूचना दी कि उनकी बेटी और छह माह की नातिन की मृत्यु हो गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर महिला मृत अवस्था में मिली, जबकि उसकी छह माह की बच्ची भी कमरे में मृत पाई गई।
मृतका की पहचान परिशिका कौंडल, पत्नी आशुतोष कौंडल, निवासी नम्होल, तहसील एवं जिला बिलासपुर, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है। बच्ची की पहचान शैलजा कौंडल, पुत्री आशुतोष कौंडल, उम्र छह माह के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों शवों को आगामी पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया। 24 सितंबर को आईजीएमसी शिमला में दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस के अनुसार, विसरा को कब्जे में लेकर जांच के लिए एसएफएसएल जुंगा भेजा जा रहा है। घटनास्थल का निरीक्षण एसएफएसएल की विशेषज्ञ टीम द्वारा भी किया गया तथा मौके से मिले भौतिक साक्ष्यों को पुलिस ने कब्जे में लिया है।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के अनुसार, परिशिका की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व नम्होल निवासी आशुतोष कौंडल के साथ हुई थी।
पुलिस के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन रहती थी।
बताया गया है कि 20 सितंबर को परिशिका ने अपने पिता को पति द्वारा परेशान किए जाने की बात बताई थी और कहा था कि वह अब पति के साथ नहीं रहना चाहती।
इसके बाद वह अपनी छह माह की बेटी के साथ अपने पिता के आंजी सेरी स्थित क्वार्टर में आ गई थी।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को परिशिका की छोटी बहन बाजार गई हुई थी, जबकि उसके पिता ड्यूटी के सिलसिले में धर्मपुर गए थे। जब बहन वापस क्वार्टर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद उसने अपने पिता को फोन कर सूचना दी। पिता के मौके पर पहुंचने के बाद क्वार्टर के अंदर जाकर देखा गया तो परिशिका और उसकी छह माह की बेटी मृत अवस्था में मिलीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में आत्महत्या से संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच से प्राप्त रिपोर्ट भी जांच में महत्वपूर्ण रहेगी।










