/भुड्ड बैरियर हमला मामला: मुख्य आरोपी इकबाल मोहम्मद गिरफ्तार, चार आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त में

भुड्ड बैरियर हमला मामला: मुख्य आरोपी इकबाल मोहम्मद गिरफ्तार, चार आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त में


बद्दी, 29 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

औद्योगिक नगरी बीबीएन के
भुड्ड बैरियर के पास एक व्यापारी पर हथियारों से किए गए जानलेवा हमले के मामले में बद्दी पुलिस ने मुख्य आरोपी इकबाल मोहम्मद पुत्र सुलेमान, निवासी चनाल माजरा को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 की रात व्यापारी मक्खन सिंह अपने गोदाम से वाहन (HP-12Q-7790) में घर लौट रहा था। भुड्ड बैरियर के पास एक स्विफ्ट कार और पिकअप वाहन से उसका रास्ता रोककर कुछ लोगों ने डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को उपचार के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया था।
घटना के संबंध में पुलिस थाना बद्दी में धारा 126(2), 109, 309(4), 3(5), 232(1), 311 BNS तथा 25/54/59 Arms Act के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से विभिन्न पुलिस थानों में 11 मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, फिरौती, मारपीट, धमकी, चोरी, खनन अधिनियम और शस्त्र अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।