/राजस्व मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें अधिकारी।

राजस्व मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें अधिकारी।

चंबा, 3 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

उपायुक्त चंबा मुकेश रेपस्वाल ने जिला के राजस्व अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा करने तथा निपटाए गए मामलों को राजस्व प्रबंधन प्रणाली (आरएमएस) पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए।

लंबित राजस्व मामलों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि सभी कार्यवाहियां ऑनलाइन दर्ज की जाएं, ताकि मामलों की प्रभावी निगरानी हो सके।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक जिला में 2283 लंबित राजस्व मामलों का समाधान किया गया है, जिनमें तकसीम के 670, निशानदेही के 898 तथा राजस्व अभिलेखों से संबंधित 715 मामले शामिल हैं। उन्होंने छह माह से एक वर्ष तक लंबित तकसीम एवं सीमांकन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर अक्तूबर के अंत तक निपटारा करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने सभी जमाबंदियों को भी अक्तूबर के अंत तक अपडेट करने तथा पुराने राजस्व दस्तावेजों की स्कैनिंग और डिजिटलीकरण निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा।

बैठक में अतिक्रमण, ई-डिस्ट्रिक्ट, राहत मामलों और लेखा परीक्षा टिप्पणियों सहित अन्य लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिला के सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से जुड़े।