शिमला 14 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा ।
हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) के पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक मानक परीक्षण (PST) एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) में शामिल होने वाले अनंतिम रूप से पात्र अभ्यर्थियों के ई-कॉल लेटर जारी कर दिए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने ये ई-कॉल लेटर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अभ्यर्थियों की संबंधित यूजर आईडी में अपलोड किए हैं।
आयोग ने अभ्यर्थियों को अपनी यूजर आईडी पर लॉग-इन कर ई-कॉल लेटर डाउनलोड करने और उसमें दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है। इसकी सूचना अभ्यर्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल पर भी भेजी गई है।
अभ्यर्थियों को ऑफलाइन कॉल लेटर अलग से नहीं भेजे जाएंगे। ऐसे में सभी अभ्यर्थी समय रहते अपना ई-कॉल लेटर डाउनलोड कर लें और PST एवं PET के जिला-वार निर्धारित कार्यक्रम व तिथियों की जानकारी प्राप्त कर लें।
सहायता के लिए संपर्क करें: अभ्यर्थी किसी भी जानकारी के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के दूरभाष नंबर 0177-2629738, 0177-2624313 या टोल-फ्री नंबर 1800-180-8004 पर संपर्क कर सकते हैं।






