/कुल्लू दशहरा: देवताओं के नजराने में 5%, बजंतरियों के मानदेय में 10% की बढ़ोतरी

कुल्लू दशहरा: देवताओं के नजराने में 5%, बजंतरियों के मानदेय में 10% की बढ़ोतरी


भुंतर में विद्युत सब-डिवीजन, सीवरेज के लिए 22 करोड़ और मणिकर्ण सड़क के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा

शिमला, 27 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा-2026 के समापन समारोह में देवी-देवताओं के नजराने में 5 प्रतिशत और बजंतरियों के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की।

देवताओं के मुख्य गूर को 1,100 रुपये सम्मान राशि देने का भी ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने भुंतर में विद्युत सब-डिवीजन खोलने, सीवरेज प्रणाली के लिए 22 करोड़ रुपये तथा मणिकर्ण सड़क निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की।

कुल्लू के लेफ्ट बैंक को जोड़ने के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये और विद्युत कमांड-बारा मार्ग के लिए 50 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। इसके अलावा दशहरा उत्सव में भाग लेने वाले महिला मंडलों को 35-35 हजार रुपये तथा बजौरा स्कूल में विज्ञान भवन के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत करने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कुल्लू जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ करने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पर्याप्त धनराशि दी जाएगी।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अदरक का न्यूनतम समर्थन मूल्य जल्द बढ़ाकर 40 रुपये किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी वर्गों के सहयोग की आवश्यकता पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 की आपदा में कुल्लू जिला को भारी नुकसान हुआ था। प्रदेश सरकार ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए गृह निर्माण सहायता राशि डेढ़ लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये की है। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।


मुख्यमंत्री ने कुल्लू कार्निवाल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें 600 से अधिक महिलाओं और कलाकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और भुवनेश्वर गौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक प्रतियोगिता में भुट्टी विवर्ज सांस्कृतिक दल ने प्रथम, सूत्रधार कला संगम ने द्वितीय और युवा कला मंच ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।