/कोटगढ़ में राज्य स्तरीय खेल टूर्नामेंट सम्पन्न, 80 टीमों ने लिया भाग।

कोटगढ़ में राज्य स्तरीय खेल टूर्नामेंट सम्पन्न, 80 टीमों ने लिया भाग।

विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने युवाओं को खेलों से जुड़ने का किया आह्वान।

शिमला (कोटगढ़), 28 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

जमींदार क्लब कोटगढ़ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खुला खेल टूर्नामेंट बुधवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सम्पन्न हो गया। 26 से 28 अक्टूबर तक आयोजित इस टूर्नामेंट में कुल 80 टीमों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा और पंजाब की टीमों ने भी हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

टूर्नामेंट के समापन समारोह में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर मुख्य अतिथि तथा जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, शतरंज और कैरम सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने जमींदार क्लब कोटगढ़ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम हैं।

युवाओं और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज के लिए अच्छा संकेत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नशे और असामाजिक गतिविधियों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खेल एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए क्लब द्वारा किए जा रहे प्रयासों को भी सराहा।

राठौर ने इससे पूर्व कोटगढ़ में भूठी जोन के बूथ अध्यक्षों और कांग्रेस पंचायत अध्यक्षों की जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर बल देते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार अच्छा काम कर रही है और जिला शिमला में पार्टी नेतृत्व एकजुट है।

उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनावों में शिमला जिले की सभी आठ सीटों पर भाजपा को हराने और कांग्रेस सरकार की वापसी के मिशन में योगदान देने का आह्वान किया।

जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल ने कांग्रेस

कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने की अपील की।

उन्होंने भाजपा पर जाति, धर्म और क्षेत्रवाद के आधार पर समाज को बांटने का आरोप लगाया तथा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अयोध्या राम मंदिर में चंदे और चढ़ावे को लेकर उन्होंने भाजपा पर आरोप भी लगाए।

इस अवसर पर सुधीर भैक, कोटगढ़ के प्रधान टेक चंद भैक, सतीश भैक, जमींदार क्लब कोटगढ़ के मुख्य आयोजक रचित भैक, मीरा शर्मा, शीतल भैक, शर्मिला, ननखड़ी खंड विकास समिति के अध्यक्ष नवीन कल्टा, सिद्धार्थ, रमेश शर्मा, देव राज, भूपिंदर कौशल, खंड विकास समिति सदस्य संदीप सैन, कुशल, गोविंद मेहता और विनोद भैक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

जमींदार क्लब कोटगढ़ द्वारा क्षेत्र में खेल गतिविधियों और स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जाता है।