प्राइवेट रूम की सुविधा भी उपलब्ध करवाई, उपचार का समस्त खर्च संस्थान उठाएगा
चंडीगढ़, 1 नवंबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
पंचकूला के एक स्कूल में कक्षा के भीतर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में गंभीर रूप से घायल छह वर्षीय बच्ची का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार जारी है। रविवार को पीजीआई के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने बच्ची से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उसके स्वास्थ्य का हाल जाना और उपचार की प्रगति के संबंध में चिकित्सकों से जानकारी ली।
निदेशक प्रो. विवेक लाल ने स्पष्ट किया कि बच्ची का पूरा उपचार निःशुल्क किया जाएगा तथा इससे संबंधित समस्त खर्च संस्थान स्वयं वहन करेगा। बच्ची की स्थिति और उसे बेहतर देखभाल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पीजीआई प्रशासन ने उसे प्राइवेट रूम की सुविधा भी प्रदान की है।
इस अवसर पर प्रो. विवेक लाल ने कहा कि पीजीआई की जिम्मेदारी केवल चिकित्सा उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि मुश्किल समय में मरीजों और उनके परिवारों को हरसंभव सहयोग देना भी संस्थान का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि बच्ची को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ उसकी देखभाल और आराम का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
फिलहाल बच्ची विशेषज्ञ चिकित्सकों की बहु-विषयक टीम की निगरानी में है।
चिकित्सक लगातार उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रख रहे हैं और आवश्यकता के अनुसार उपचार उपलब्ध करवा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 28 अक्टूबर को पंचकूला के एक स्कूल में कक्षा के दौरान आठ वर्षीय छात्र द्वारा कथित तौर पर किए गए हमले में छह वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था, जहां उसका उपचार जारी है।









