/किशनपुरा पंचायत में 15 लाख की लागत से बनी सात दुकानों का विधायक रामकुमार चौधरी ने किया लोकार्पण

किशनपुरा पंचायत में 15 लाख की लागत से बनी सात दुकानों का विधायक रामकुमार चौधरी ने किया लोकार्पण

दुकानों से पंचायत को हर महीने मिलेगी 39,800 रुपये की आय, पंचायत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ाया कदम

बीबीएन 3 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने आज ग्राम पंचायत किशनपुरा में लगभग 15 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सात दुकानों का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होंने पंचायत के जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत ने अपनी आय के स्थायी स्रोत विकसित करने की दिशा में सराहनीय पहल की है।

विधायक ने बताया कि इन सात दुकानों का आवंटन खुली बोली के माध्यम से किया गया है, जिससे पंचायत को प्रतिमाह कुल 39 हजार 800 रुपये की नियमित आय प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि इससे पंचायत आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेगी और स्थानीय विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे।

उन्होंने बताया कि पंचायत की भविष्य में इन दुकानों की दूसरी मंजिल पर भी दुकानें बनाने की योजना है। इससे पंचायत की आय में और वृद्धि होगी तथा स्थानीय स्तर पर छोटे-छोटे विकास कार्यों को गति मिलेगी।

उन्होंने क्षेत्र की अन्य पंचायतों के जनप्रतिनिधियों से भी उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आय के नए स्रोत विकसित करने का आह्वान किया।

खुली बोली में इस प्रकार हुआ दुकानों का आवंटन
पंचायत द्वारा निर्धारित खुली बोली में प्राप्त उच्चतम मासिक किराये के आधार पर सात दुकानों का आवंटन किया गया। इनमें अशोक कुमार को 7,450 रुपये, तरसेम को 6,800 रुपये, रामप्यारे को 5,200 रुपये, रामपाल को 5,500 रुपये, गुलाब दास को 5,400 रुपये, सुरेंद्र शर्मा को 5,400 रुपये तथा सोनू को 4,050 रुपये मासिक किराये पर दुकानें आवंटित की गई हैं।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत किशनपुरा के प्रधान मेला राम सहित पंचायत के अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।