बद्दी पुलिस ने जुआ-सट्टे के खिलाफ की कार्रवाई, गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज
बद्दी, 5 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
बद्दी पुलिस ने जुआ-सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीतलपुर रोड पर कथित तौर पर जुआ खिलाने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस थाना बद्दी की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए पाया कि आरोपी लोगों को 100 रुपये के बदले 200 रुपये देने का लालच देकर गोटियों के माध्यम से जुआ खेलने के लिए उकसा रहा था। पुलिस ने आरोपी की पहचान छोटू पुत्र श्री सूरज पाल, निवासी गांव वनखटी खुर्द, तहसील एवं जिला इटावा, उत्तर प्रदेश के रूप में की है।
पुलिस ने मौके से 500 रुपये की नकदी भी बरामद की है। इस संबंध में पुलिस थाना बद्दी में गैंबलिंग एक्ट की धारा 13A-3-67 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगामी जांच जारी है।
यातायात नियमों की अवहेलना पर 266 वाहनों के चालान
बद्दी पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए 266 वाहनों के चालान किए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है






