किसानों को मिलेगा 50 रुपये प्रति किलो समर्थन मूल्य
चम्बा, 16 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने चम्बा जिले में प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की की सरकारी खरीद शुरू कर दी है। इसके तहत किसानों को मक्की का 50 रुपये प्रति किलोग्राम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है।
सरकारी खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ एपीएमसी चम्बा के अध्यक्ष ललित ठाकुर की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मक्की का समर्थन मूल्य 50 रुपये प्रति किलो निर्धारित करना किसानों के हित में सरकार का सराहनीय कदम है। उन्होंने बताया कि चम्बा जिले में लगभग 21,850 किसान प्राकृतिक खेती के लिए पंजीकृत हैं और 4,529 हेक्टेयर भूमि पर प्राकृतिक खेती की जा रही है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील भी की।







