एसपी गौरव सिंह ने अधिकारियों को ,नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के दिए निर्देश ।
शिमला, 24 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
जिला शिमला पुलिस की अपराध समीक्षा एवं कल्याण बैठक मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह, IPS की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में जिले के सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा अन्य संबंधित पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अन्वेषण की गुणवत्ता, निवारक कार्रवाई और पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
बैठक में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने अधिकारियों को नशा तस्करी के मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से बैकवर्ड लिंकेज विकसित कर मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने और पूरे तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान एवं जब्ती के लिए वित्तीय अन्वेषण करने, PIT-NDPS Act के तहत निवारक निरोध की कार्रवाई करने तथा नशा तस्करी से जुड़े अवैध अतिक्रमणों को हटाने के भी निर्देश दिए।
इसके अलावा RUSTOM योजना के तहत युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखने के लिए सार्थक प्रयास करने को कहा गया।

बैठक में विभिन्न आपराधिक मामलों के अन्वेषण की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को साक्ष्य संकलन, अन्वेषण की गुणवत्ता और मामलों के समयबद्ध निपटारे पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने पर जोर दिया गया।

पुलिस कर्मचारियों के कल्याण एवं उनकी समस्याओं पर चर्चा करते हुए एसपी गौरव सिंह ने अधिकारियों को अधीनस्थ कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को पेशेवर दक्षता, अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए आम जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने का आह्वान किया।







