छतरी/मंडी 10 अक्तूबर
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो // प्रकाश चन्द शर्मा

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों से किए गए वायदे खोखले साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि अभी भी प्रभावित परिवारों तक सरकार द्वारा उचित सहायता उपलब्ध नहीं करवाई गई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छत्तरी के तहत चाठीनाल और रूछाड़ गांव में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से स्थिति की जानकारी ली। ऐसे में प्रभावितों ने दो टूक कहा कि कांग्रेस सरकार ने वायदे जरूर किये हैं लेकिन अभी तक सहायता के रूप में धरातल पर कुछ नहीं हुआ।

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसके पश्चात गतु पंचायत में आपदा प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल को आपदा राहत हेतु हजारों करोड़ों की आर्थिक मदद प्रदान की है लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण कि कांग्रेस सरकार जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस सरकार को प्रभावितों को यथाशीघ्र राहत मुहैया उपलब्ध करवाने की जरूरत है।
मेले-त्यौहार हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज के छतरी के अंतर्गत चपलांदीधार में आयोजित देवता श्री चपलांदु जी के मेला उत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने यहां देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया और स्थानीय लोगों का कुशलक्षेम भी जाना। जयराम ने कहा कि मेले एवं त्यौहार हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक होते हैं, इन्हें बढ़ावा देना चाहिए। इस दौरान उन्होंने मेले में आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया।










