त्योहारों से पहले जनता को राहत
नई दिल्ली, 4 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा
गत दिवस यहां GST परिषद की 56 वीं बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कर संरचना में बड़े सुधारों की घोषणा की है,जिसके तहत अब GST दरें केवल दो मुख्य स्लैब – 5% और 18% – में सीमित कर दी गई हैं, जबकि एक विशेष 40% स्लैब लक्ज़री और नशे से जुड़ी वस्तुओं पर लागू होगा।
नई कर की दरें लागू होने के बाद दूध, पनीर, रोटी, सैनिटरी नैपकिन और कुछ जीवन रक्षक दवाइयाँ 0% या 5% GST दायरे में आ गई हैं।
जबकि टीवी, एसी, मोटरसाइकिल, छोटे ऑटोमोबाइल और वॉशिंग मशीन जैसे उत्पादों पर GST 28% से घटकर 18% हो गया है।
जीवन और स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम पर अब पूरी तरह से GST की छूट मिल गई है।
लेकिन इसके साथ ही तंबाकू, पान मसाला और शराब जैसी वस्तुओं पर 40% विशेष स्लैब लागू किया गया है। हालांकि, परिषद ने फिलहाल पान मसाला और तंबाकू उत्पादों पर नई दर लागू करने को स्थगित कर दिया है।
इस दौरान इन नई दरों से अर्थव्यवस्था पर असरपड़ना स्वाभाविक है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस निर्णय से महँगाई में 0.2-0.3% तक कमी आ सकती है। मांग बढ़ने से खपत में सुधार होगा और त्योहारी सीज़न में बाजार को गति मिलेगी। सेंसेक्स और निफ्टी में भी इस घोषणा के बाद तेजी देखी गई, खासकर ऑटो और कंज्यूमर गुड्स शेयरों में।
त्योहारों से पहले केंद्र सरकार का यह कदम न सिर्फ आम उपभोक्ताओं को राहत देगा बल्कि उद्योग और व्यापार क्षेत्र में भी विश्वास बढ़ाएगा। यह सुधार GST 2.0 की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।







