अस्पताल में लाया गया ब्रॉट डेड, पुलिस ने जांच तेज की।
सोलन (अर्की), 25 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
अर्की में बुधवार को एक सेवानिवृत्त कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतक को सिविल अस्पताल अर्की में ब्रॉट डेड लाया गया, जिसके बाद थाना अर्की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अमर चंद (62) पुत्र पूर्ण चंद, निवासी छोटा शिमला, जिला शिमला (वर्तमान निवास वार्ड नंबर-2, अर्की, जिला सोलन) के रूप में हुई है। वह सचिवालय शिमला से सेवानिवृत्त थे और इन दिनों अर्की में अपने मकान का निर्माण कार्य करवा रहे थे।
मृतक पास ही किराए पर कमरे में रह रहा था।
24 सितंबर को दिन में मकान मालिक की पत्नी ने अमर चंद को कमरे में बिस्तर पर अचेत अवस्था में देखा। परिजनों को सूचित करने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में शव पर किसी भी प्रकार की चोट या खरोंच के निशान नहीं पाए गए।
मौके से पुलिस ने नुवान कीटनाशक दवा की एक शीशी और एक कप, जिसमें से दवा की गंध आ रही थी, बरामद कर कब्जे में लिया है।


पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक लंबे समय से तनावग्रस्त थे, क्योंकि उनका बेटा बीमार रहता था। इसके अलावा वह शराब का सेवन भी करते थे।
मृतक के परिजनों ने किसी पर शक जाहिर नहीं किया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। मामले में पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस, 2023 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच प्राथमिकता के आधार पर जारी है।








