सोलन (अर्की) 28 सितम्बर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
लोक निर्माण विभाग मंडल अर्की के अधीन आने वाली चलयायूनी–लोहार घाट सड़क जगह-जगह से अवरुद्ध होने के कारण पाँच पंचायतों के ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।

ग्रामीणों ने बताया कि मानसून को प्रदेश से विदा हुए समय बीत चुका है, फिर भी विभाग अब तक मार्ग को सुचारू करने में विफल रहा है।

लोगों ने कहा कि सड़क बंद रहने से आवागमन प्रभावित हो रहा है और किसान अपनी नगदी फसलों को समय पर मंडियों तक नहीं पहुँचा पा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने सरकार और विभाग से आग्रह किया है कि अवरुद्ध मार्ग को शीघ्र खोला जाए, ताकि सामान्य यातायात बहाल हो सके और किसान अपनी उपज का उचित लाभ प्राप्त कर सकें।










