सोलन (धर्मपुर)29 सितम्बर ,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा
पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। गश्त व अपराधों की रोकथाम के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि जाबली से धर्मपुर की ओर आ रही एक बलेनो कार में तीन युवक भारी मात्रा में चिट्टा/हेरोइन लेकर धर्मपुर व सोलन क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सनवारा के समीप नाकाबंदी कर बलेनो कार को रोका और जांच की। तलाशी के दौरान कार में सवार तीन युवकों अमित पुत्र बलबीर सिंह (निवासी ओडीधार, जिला शिमला), अर्जुन सिंह चौहान पुत्र कृषण चाँद (निवासी सारी, जिला शिमला) और मंथन ठाकुर पुत्र सुरजीत सिंह (निवासी निशानी, जिला कुल्लू) से करीब 19 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।

पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 व 29 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामदगी के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बलेनो गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को 29 सितम्बर को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।









