सोलन, 6 अक्तूबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
आपदा प्रबंधन के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय मॉडल प्रदर्शनी प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हाई स्कूल वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

यह प्रतियोगिता 4 अक्तूबर 2025 को जिला उपायुक्त कार्यालय सोलन में आयोजित की गई थी, जिसमें जिले के विभिन्न शिक्षा खंडों की लगभग 20 पाठशालाओं ने भाग लिया।

खंड धुंदन की ओर से राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन और राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग की टीमों ने क्रमशः सीनियर सेकेंडरी और हाई स्कूल श्रेणी में भाग लिया। राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग की टीम के चितेश शर्मा (कक्षा 10वीं) और तरुण कुमार वर्मा (कक्षा 8वीं) ने उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुति देते हुए दूसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।

विद्यालय की ओर से विज्ञान अध्यापक यशपाल वर्मा ने बच्चों के मेंटर के रूप में उनका मार्गदर्शन किया। विद्यालय लौटने पर दोनों विद्यार्थियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। विद्यालय की मुख्याध्यापिका मनोरमा कुमारी चढ्ढा ने बच्चों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक व गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे।








