/रामशहर पंचायत में आरक्षण व्यवस्था पर विवाद।

रामशहर पंचायत में आरक्षण व्यवस्था पर विवाद।

अनुसूचित जाति महिला के लिए प्रधान पद की मांग।

सोलन, 11 अक्टूबर ,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा

जिला सोलन के नालागढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत रामशहर में आगामी पंचायत चुनावों से पहले आरक्षण व्यवस्था को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक़ स्थानीय ग्रामीणों ने अनुसूचित जाति (महिला) के लिए पंचायत प्रधान पद को आरक्षित करने की मांग उठाई है और इस संबंध में उपायुक्त सोलन को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2005, 2011 और 2016 के चुनावों में इस पंचायत का आरक्षण पैटर्न स्पष्ट रहा है, लेकिन इस बार पंचायत के आरक्षण रोस्टर में विसंगति दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का कहना है कि राज्य सरकार द्वारा बनाए गए रोस्टर के अनुसार, इस बार रामशहर पंचायत में अनुसूचित जाति वर्ग की महिला उम्मीदवार के लिए प्रधान पद आरक्षित होना चाहिए।

ग्रामवासियों ने बताया कि पंचायत में कुल आबादी 3219 है, जिनमें से 18.23% (587 लोग) अनुसूचित जाति वर्ग से हैं। वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग 6.18% (199 लोग) और अनुसूचित जनजाति 67.2% (2154 लोग) की हिस्सेदारी है। ग्रामीणों ने इस आधार पर मांग की है कि अनुसूचित जाति महिला को प्रतिनिधित्व दिया जाना न्यायसंगत है।

इस ज्ञापन पर नानक चंद पारख्याज, देवी शरण, और इंदर सिंह सहित कई स्थानीय नागरिकों ने हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि आगामी पंचायत चुनाव में रामशहर पंचायत के प्रधान पद को अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित घोषित किया जाए।