नालागढ़ (रामशहर) 27 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
जिला सोलन के पहाड़ी क्षेत्र रामशहर में नालागढ़ डिपो की बसें निर्धारित समय पर न चलने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डिपो की अधिकतर बसें अपने गंतव्य से पहले ही खराब हो जाती हैं या बीच रास्ते में रुक जाती हैं, जिससे यात्रियों को निजी टैक्सियों या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है।

सोमवार सुबह नालागढ़ डिपो की शिमला रूट की बस, जो 8:00 बजे प्रस्थान करनी थी, लगभग दो घंटे देरी से 9:50 बजे रवाना हुई। वहीं, शाम 5:00 बजे की निर्धारित बस भी नहीं आई, जिससे 7:30 बजे तक बस अड्डा रामशहर पर यात्रियों की भीड़ लगी रही।

क्षेत्र के लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और परिवहन मंत्री से मांग की है कि इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों से जवाबदेही तय की जाए।

साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में चलने वाली बसों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को बेहतर और समयबद्ध परिवहन सुविधा मिल सके।










