शिमला (करयाली) 15 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करयाली में आज वार्षिक पारितोषिक पुरस्कार वितरण समारोह एवं बाल दिवस कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एचपी राज्य सहकारी बैंक के निदेशक हरि कृष्ण हिमराल ने शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान स्कूल में भाषण, वाद-विवाद, गायन प्रतियोगिता सहित विभिन्न सांस्कृतिक व प्रतियोगितात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में नाटी, पहाड़ी नृत्य-गीत, स्किट और सोलो डांस ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

मुख्य अतिथि हरि कृष्ण हिमराल ने अपने संबोधन में एसएमसी, शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक कार्यक्रमों की प्रशंसा की। उन्होंने विद्यालय को वर्ष 2024 में 100% परीक्षा परिणाम प्राप्त करने के लिए बधाई देते हुए छात्रों से भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यालय और विद्यार्थियों को क्षेत्र में इस संस्थान को नंबर-1 बनाने के प्रयास में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रीना कुमारी (सदस्य जिला परिषद), कमलेश (प्रधान जीपी करयाली), रीता भारद्वाज (प्रधान एसएमसी), हेम चंद हिमराल (प्रधानाचार्य जीएसएसएस करयाली), एलआर कौंडल, हीरा लाल शर्मा, जय पाल शर्मा, नरेंद्र कश्यप (पूर्व प्रधान), विनोद वर्मा (उपाध्यक्ष), तथा शिमला ग्रामीण युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष दुष्यंत अत्री एवं जोगिंदर ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।








