आरोपी छात्र गिरफ्तार ।
सोलन, 20 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो/ वर्मा।
शूलिनी यूनिवर्सिटी के छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद ओछघाट क्षेत्र में ड्रीम विल्ला होटल के पास हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है और लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली गई है।

जानकारी के अनुसार, 19 नवम्बर की रात शूलिनी यूनिवर्सिटी में BBA प्रथम वर्ष का छात्र आदित्य कुमार, पुत्र राजबल्ली शाह (निवासी हरियाणा), अपने किराये के कमरे में मौजूद था, तभी कुछ सीनियर छात्र वहां पहुंचे और उसके साथ बहसबाजी व गाली-गलौज की।
घटना के बाद आदित्य के परिजन रात में ही सोलन पहुंच गए और उन्होंने यूनिवर्सिटी प्रबंधन से शिकायत की। प्रबंधन ने आज दोपहर दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया था।
जब आदित्य कुमार, उसके पिता राजबल्ली शाह और अन्य परिजन ड्रीम विल्ला होटल के समीप पहुंचे, तो पिछले दिन विवाद करने वाले छात्रों में से एक छात्र धर्मा ने राजबल्ली शाह की लाइसेंसी पिस्टल छीन ली और हवा में फायर कर दिया।
फायरिंग की घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सोलन पुलिस ने आरोपी धर्मा को मौके से गिरफ्तार कर लिया है तथा पिस्टल को कब्जे में ले लिया गया है।पुलिस ने एक गंभीर घटना से जुड़े मामले में धारा 304 व 109 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।
मामले की जांच जारी है।








