25 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित
नालागढ़(बद्दी)21 नवंबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, रीजनल ऑफिस शिमला के तहत आने वाली बद्दी, नालागढ़, सपरून, परवाणू, धर्मपुर और अंजी क्षेत्र की शाखाओं द्वारा शुक्रवार को बद्दी में एमएसएमई उद्यमियों और व्यापारियों हेतु विशेष ऋण आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
उद्घाटन करते हुए रीजनल मैनेजर शिमला, मुकेश चौधरी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को बैंक की विविध ऋण योजनाओं की जानकारी प्रदान करना और उन्हें सहज, त्वरित तथा पारदर्शी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बैंक एमएसएमई क्षेत्र को आर्थिक मजबूती प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने मुद्रा लोन, बिजनेस लोन, शॉप लोन, सीए लोन, टेक्सटाइल सेक्टर लोन, जीएसटी आधारित ऋण, संजीवनी योजना तथा सेंट होटल योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी विस्तृत रूप से दी। मौके पर पात्र उद्यमियों और ग्राहकों को कुल 25 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
अभियान में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में उद्यमी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नालागढ़ ब्रांच मैनेजर आतिश ठाकुर, बद्दी ब्रांच मैनेजर कृपानाथ, सपरून ब्रांच मैनेजर विश्वदीप चौहान, परवाणू ब्रांच मैनेजर मनीष पुरी, धर्मपुर ब्रांच मैनेजर वरिंदर ठाकुर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
समापन पर रीजनल मैनेजर मुकेश चौधरी ने क्षेत्र के उद्यमियों, व्यापारियों और आमजन से अपील की कि वे अपनी नजदीकी शाखा में जाकर बैंक की योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने व्यवसाय को सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ें।










