सुन्नी (शिमला), 15 अप्रैल
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश में थाना सुन्नी क्षेत्र में लापता युवक के शव की बरामदगी का मामला सामने आया है। 13 अप्रैल 2026 को ततापानी निवासी एक राफ्टिंग ऑपरेटर ने सूचना दी कि घरयाणा के नीचे सतलुज नदी किनारे एक शव पड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ों में फंसे गली-सड़ी अवस्था के शव को बाहर निकाला। शव को कब्जे में लेकर पहचान व पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सुन्नी भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में शव के कपड़े और हुलिया 21 दिसंबर 2025 की गुमशुदगी रिपोर्ट से मेल खाते पाए गए। 14 अप्रैल को परिजनों ने शव की पहचान दुर्गेश उर्फ काकू निवासी हिमरी, तहसील सुन्नी के रूप में की।
पुलिस जांच में किसी प्रकार की रंजिश सामने नहीं आई है और परिजनों ने भी कोई संदेह व्यक्त नहीं किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबना पाया गया है।
पुलिस के अनुसार, सुन्नी-ततापानी मार्ग के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त व जोखिमपूर्ण हैं, जहां अंधेरा और फिसलन के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। आशंका है कि युवक का पैर फिसलने से वह नदी में गिर गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।









