नालागढ़, 26 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
नालागढ़ क्षेत्र में अवैध वन कटान एवं खैर लकड़ी तस्करी के खिलाफ पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में थाना नालागढ़ में 25 अप्रैल 2026 को मामला दर्ज किया गया।
जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम ने रैणी माजरा वन क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान दशोटा-माजरा मार्ग पर एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को जांच के लिए रोका। इस दौरान वाहन चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम की सतर्कता से वाहन को काबू कर लिया गया। तलाशी लेने पर कार से अवैध रूप से काटी गई खैर लकड़ी के 11 लॉग बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 7.60 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि खैर लकड़ी जंगल से अवैध रूप से काटी गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बांबी निवासी माजरा और सोनू निवासी बांगला, तहसील नालागढ़ को गिरफ्तार कर लिया है।
तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध वन कटान और वन संपदा की तस्करी में संलिप्त तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।








