शिमला 27 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
शिमला जिला के चिड़गांव थाना क्षेत्र के गांव कुलगांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना में एक महिला की मौत हो गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 27 अप्रैल 2026 को नव-निर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान भीड़ और नृत्य के बीच आरोपी ने सेलिब्रेशन के दौरान गोली चला दी, जिसकी चपेट में आने से गांव आंध्रा निवासी श्रीमती रितिका की मौके पर मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
इस संबंध में थाना चिड़गांव में अभियोग संख्या 36/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस एवं धारा 25 इंडियन आर्म्स एक्ट 1959 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। धार्मिक आयोजन में हर्ष फायरिंग से हुई इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।








