मनी ट्रेल के आधार पर कार्रवाई
शिमला, 27 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो /वर्मा:
नशा तस्करों के विरुद्ध शिमला पुलिस की व्यापक और सुनियोजित कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना बालूगंज पुलिस ने चिट्टा तस्करी से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बिहार से दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार थाना बालूगंज में मुकदमा संख्या 27/26, दिनांक 23 फरवरी 2026 को पंजीकृत किया गया था, जिसमें अविनाश चौहान निवासी चौपाल के कब्जे से 6.7 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने केवल बरामदगी तक सीमित न रहकर नशा सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के उद्देश्य से बैकवर्ड लिंकेज पर काम किया।
गहन पूछताछ, डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण और बैंक खातों की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अविनाश चौहान शिमला से बिहार निवासी विशाल और उसके साथियों द्वारा संचालित विभिन्न बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करता था।
मनी ट्रेल के आधार पर कार्रवाई करते हुए बालूगंज पुलिस टीम ने 24 अप्रैल 2026 को भोजपुर (बिहार) के हरदुआ गांव से दो आरोपियों — विशाल यादव (20) और जय प्रकाश (27) — को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर शिमला लाया।
जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल के बैंक खातों में महज पांच माह के भीतर करीब 40 लाख रुपये का लेन-देन हुआ, जबकि विभिन्न खातों से लगभग रोजाना नकद निकासी की जा रही थी। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है।
शिमला पुलिस ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान और तेज किया गया है। वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 111 एफआईआर दर्ज कर 235 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए बैकवर्ड लिंकेज के तहत पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, केरल और भारत-नेपाल सीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों से 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इसके अतिरिक्त PITNDPS के तहत 35 आदतन अपराधियों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए ऐसी सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।








