/कुठाढ़ में 8 मई को लगेगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

कुठाढ़ में 8 मई को लगेगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

बद्दी 7 मई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

कुठाढ़ में दून विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 8 मई को विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।

शिविर सुबह 9 बजे से आरंभ होगा, जिसमें क्षेत्रवासियों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी।

दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक चौधरी राम कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में कैंसर जांच, आंखों की जांच एवं चश्मा वितरण, हड्डियों की जांच, स्त्री रोग एवं स्त्री कैंसर जांच सहित विभिन्न प्रकार के लैबोरेटरी टेस्ट किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि कुठाढ़ के साथ लगती पंचायतों जाड़ला, बढ़ालग, जगजीतनगर, दाड़वा, मंडेसर, चण्डी, भुघार कनेता सहित आसपास के अन्य क्षेत्रों के लोगों को भी इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ मिलेगा।

विधायक ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच करवाने और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है तथा ऐसे शिविर लोगों को समय रहते बीमारियों की पहचान और उपचार में सहायक सिद्ध होते हैं।

विधायक ने बताया कि वह स्वयं भी सुबह 11 बजे तक शिविर में पहुंचेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।