युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश,
शिमला(रोहड़ू,) 17 मई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
जिला पुलिस शिमला द्वारा चलाए जा रहे नशा उन्मूलन एवं जागरूकता अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के अंतर्गत एसडीपीओ रोहड़ू ने DAV School, सरस्वती नगर का दौरा कर विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस जागरूकता एवं प्रेरणात्मक सत्र में लगभग 500 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, युवाओं पर इसके सामाजिक एवं व्यक्तिगत प्रभाव तथा नशे से दूर रहने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा व्यक्ति के भविष्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार एवं समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ शिक्षा के महत्व, विद्यालय जीवन में अनुशासन, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, साइबर जागरूकता, कैरियर मार्गदर्शन तथा सकारात्मक जीवन मूल्यों जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा समाज के जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
जिला पुलिस शिमला द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


