मुख्य अतिथि विधायक बाबा हरदीप सिंह ने विजेता पहलवानों को किया सम्मानित।
नालागढ़(रामशहर) 25 मई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
सोलन जिले के ऐतिहासिक तीर्थस्थल रिवालसर का दो दिवसीय मेला विगत दिवस बड़े ही शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया।

मेले का मुख्य आकर्षण पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता रही, जिसमें करीब 150 पहलवानों ने अपने-अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

कुश्ती प्रतियोगिता में नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक हर दीप सिंह बावा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।
उन्होंने विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को नगद पुरस्कार राशि और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक बाबा हरदीप सिंह ने कहा कि ऐसे मेले हमारी प्राचीन संस्कृति, सभ्यता और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं तथा इन्हें सभी लोगों को मिल-जुलकर मनाना चाहिए।

उन्होंने मेले एवं कुश्ती प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मेला समिति की सराहना करते हुए अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की।
दंगल की बड़ी माली में जितेंद्र पथरेड़ी और मन्ना दुमखेड़ी के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। लगभग आधे घंटे तक चले इस मुकाबले में जितेंद्र पथरेड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मन्ना दुमखेड़ी को पटखनी देकर खिताब अपने नाम किया।

विजेता जितेंद्र पथरेड़ी को कुश्ती कमेटी की ओर से 13 हजार रुपये की पुरस्कार राशि तथा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता मन्ना दुमखेड़ी को 11 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

कुश्ती प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेंच का जौहर दिखाया, जिससे पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिला।

आयोजन को सफल बनाने के लिए कुश्ती कमेटी द्वारा लगभग तीन लाख रुपये व्यय किए गए।
इस अवसर पर कुश्ती कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत शर्मा, रामलाल ठाकुर, पूर्व प्रधान वीरेंद्र शर्मा, मनीष शर्मा, कैप्टन कमल कुमार, भगत राम, रविंद्र मोहन, चमन लाल राणा, भगत राम चंदेल, आसाराम, नरेश कुमार, नालागढ़ कांग्रेस मंडल अध्यक्ष बाबूराम ठाकुर, लालचंद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।









