सोलन (सनावर), 2 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि गुणवत्तायुक्त शिक्षा ही समावेशी और दीर्घकालिक विकास की मजबूत नींव है। वह सोलन स्थित दी लारेंस स्कूल, सनावर के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि दी लारेंस स्कूल, सनावर अपनी समृद्ध शैक्षणिक परंपरा के लिए जाना जाता है और यहां के विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मंत्री ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश देश के सबसे अधिक साक्षर राज्यों में शामिल है। इसका श्रेय प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की दूरदर्शी सोच और विभिन्न समय में प्रदेश का नेतृत्व करने वाले जनप्रतिनिधियों के प्रयासों को जाता है।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विकास के सभी मानकों पर आदर्श हिमाचल की जो परिकल्पना की थी, उसे साकार करने के लिए वर्तमान सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
विक्रमादित्य सिंह ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन के लक्ष्य हासिल करने के साथ-साथ समाज सेवा को भी अपने जीवन का उद्देश्य बनाएं।

उन्होंने कहा कि वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।

इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या रुचि प्रधान दत्ता ने मुख्य अतिथि और उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह में डॉ. अमरीन सेखों, विकास काल्टा, विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे।









