/गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही विकसित होगा समाज : संजय अवस्थी।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही विकसित होगा समाज : संजय अवस्थी।

सोलन, 5 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल के अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक छात्र तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने यह बात ग्राम पंचायत बसंतपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही।

इस अवसर पर विधायक ने लगभग 5.40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पुस्तकालय एवं सभागार भवन का शिलान्यास किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी विकसित समाज की नींव होती है और सरकार प्रदेश के हर छात्र को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu के नेतृत्व में राज्य सरकार ने मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना शुरू की है, जिसके तहत मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

विधायक ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है और इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि केवल एक दिन पर्यावरण दिवस मनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सभी को अपने आसपास स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।

इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों और सामाजिक संगठनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणाएं भी कीं।

हरथू खेल मैदान, बैरटी सड़क निर्माण तथा ठांगर स्नानागार के लिए एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की गई। वहीं महिला मंडलों और युवक मंडल को 11-11 हजार रुपये तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 2,100 रुपये और आयोजन समिति को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विश्व पर्यावरण दिवस पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।