बद्दी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो संदिग्ध हिरासत में
बद्दी, 2 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के बरोटीवाला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब लोअर भटेड़ गांव स्थित शिव मंदिर के समीप एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। शांत इलाके में हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया।
मृतक की पहचान आशुतोष कुमार गौरव (पुत्र अजीत कुमार), निवासी गांव बौलिया, तहसील नौहटा, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है।

आशुतोष बद्दी की एक स्थानीय कंपनी में कार्यरत था और अपने परिवार के साथ भटेड़ क्षेत्र में रह रहा था। उसकी अचानक और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलते ही बरोटीवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए। साथ ही थाना पुलिस, सीसीटीवी टीम और साइबर टीम को संयुक्त रूप से जांच में लगाया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
इस बारे में पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने की संभावना है।










