नालागढ़, 2 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
हिमाचल प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं नालागढ़ के पूर्व विधायक स्वर्गीय राजा विजयेंद्र सिंह का गुरुवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। प्रदेश सरकार की ओर से कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने मोक्षधाम पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया तथा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

चंद्र कुमार ने कहा कि राजा विजयेंद्र सिंह ने सोलन जिला और नालागढ़ क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने वर्ष 1982 में उनके साथ कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए उन्हें दूरदर्शी, सरल और जनहित के प्रति समर्पित जननेता बताया।

उन्होंने कहा कि उनके निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी राजनेता और समाज ने एक सेवाभावी व्यक्तित्व खो दिया है।

दून के विधायक रामकुमार चौधरी और नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विकास कार्यों और जनसेवा को याद किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक के.एल. ठाकुर, लखविंदर सिंह राणा, अजय बहादुर (पूर्व विधायक, नाहन), उपमंडलाधिकारी नरेंद्र अहलूवालिया, पुलिस उपाधीक्षक अशोक वर्मा, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने स्वर्गीय राजा विजयेंद्र सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।










