/सोलन नगर निगम में भाजपा की जीत लोकतंत्र और जनविश्वास की जीत : जयराम ठाकुर

सोलन नगर निगम में भाजपा की जीत लोकतंत्र और जनविश्वास की जीत : जयराम ठाकुर

शिमला, 2 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोलन नगर निगम में भाजपा की मेयर पद की प्रत्याशी सुषमा और डिप्टी मेयर पद के प्रत्याशी गौरव राजपूत के निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि सोलन नगर निगम में भाजपा की जीत लोकतंत्र, जनविश्वास तथा भाजपा की जनसेवा और सुशासन की राजनीति की जीत है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान राजनीतिक दबाव, सत्ता के दुरुपयोग और विभिन्न हथकंडों के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित करने का प्रयास किया, लेकिन सोलन की जनता के जनादेश और जनप्रतिनिधियों के विवेक के सामने ये प्रयास सफल नहीं हो सके।

उन्होंने कहा कि यह परिणाम स्पष्ट संदेश देता है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों से निराश है और भाजपा की विकासोन्मुखी सोच तथा जनहित की राजनीति पर विश्वास जता रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित मेयर सुषमा और डिप्टी मेयर गौरव राजपूत नगर निगम सोलन में पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।

उन्होंने इस जीत के लिए भाजपा के सभी पार्षदों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सोलन की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा जनसेवा और विकास के अपने संकल्प के साथ आगे बढ़ती रहेगी।