बद्दी 3 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
एचआईवी/एड्स के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, कार्यस्थलों पर भेदभाव समाप्त करने तथा औद्योगिक क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को बद्दी में औद्योगिक इकाइयों एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ जागरूकता एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक ने की।
बैठक में एचआईवी/एड्स की वर्तमान स्थिति, संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के उपाय तथा ट्रिपल एलिमिनेशन अभियान के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं में सिफिलिस और हेपेटाइटिस-बी की समयबद्ध जांच एवं रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने कहा कि समाज से एचआईवी/एड्स और क्षय रोग से जुड़े भेदभाव को समाप्त करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने औद्योगिक संस्थानों से अपने कर्मचारियों के बीच नियमित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा सुरक्षित, समावेशी और भेदभावमुक्त कार्यस्थल विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों में उद्योगों के सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज से भेदभाव समाप्त करने की सामूहिक शपथ ली।
इस अवसर पर पद्मिनी मल्होत्रा, पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया के डॉ. गगन दीप सहित लगभग 60 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।









