सुंदरनगर, 4 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार विकास और जनसुविधाओं के मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही है, जबकि कर्ज लेने में नए रिकॉर्ड बना रही है।
यह आरोप नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस ने कर्ज के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा था, लेकिन सत्ता में आने के बाद वर्तमान सरकार ने कर्ज को ही अपना प्रमुख शासन मॉडल बना लिया है।उनका दावा था कि प्रदेश पर कर्ज का बोझ लगभग 1.20 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने वाला है, जबकि विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हिमाचल प्रदेश को सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आपदा राहत सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सहयोग दे रही है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार अपनी वित्तीय और प्रशासनिक विफलताओं को छिपाने के लिए केंद्र पर निराधार आरोप लगा रही है।
उन्होंने सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की कि लगातार लिए जा रहे हजारों करोड़ रुपये के कर्ज का उपयोग किन विकास कार्यों में किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खोले गए संस्थानों को बंद करने, योजनाओं की वित्तीय सहायता रोकने, लोगों की नौकरियां समाप्त करने और विभिन्न प्रकार के शुल्क लगाने में अधिक रुचि ले रही है।
उनके अनुसार, यदि कर्ज बढ़ रहा है लेकिन विकास और जनसुविधाओं में सुधार दिखाई नहीं दे रहा, तो यह सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
इससे पहले सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के म्याह माता मंदिर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान–2026 के तहत संगठनात्मक अभ्यास वर्ग को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के त्याग, अनुशासन और समर्पण के बल पर भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है। उन्होंने पार्टी के इतिहास, राष्ट्र प्रथम, अंत्योदय, सुशासन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।









