/ट्रक से 530 पेटी अवैध देसी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

ट्रक से 530 पेटी अवैध देसी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

बद्दी, 4 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

औद्योगिक नगरी बीबीएन के बरोटीवाला थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 530 पेटी देसी शराब बरामद करने का दावा किया है । मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।

इस बात की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर हरिपुर रोड पर नाकाबंदी के दौरान ट्रक नंबर HP12AA-6281 की तलाशी ली गई। जांच में ट्रक से बिना किसी वैध परमिट या लाइसेंस के परिवहन की जा रही 530 पेटी देसी शराब बरामद हुई।

उन्होंने बताया कि बरामद खेप में 4300 पव्वे (86 पेटी), 6552 अध्धे (273 पेटी) तथा 2052 बोतलें (171 पेटी) शामिल हैं।

गिरफ्तार चालक की पहचान सुरजीत कुमार पुत्र रणजीत सिंह, निवासी गांव भनयारकड़, डाकघर एरला, तहसील बड़ोह, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना बरोटीवाला में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था तथा इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।